जमशेदपुर। होली के मौके पर अपनी पत्नी से मिलने की योजना बना रहा जुगसलाई का कुख्यात अपराधी मनीष सिंह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसे पारडीह स्थित गोल्डन लीफ रिसोर्ट से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी अनुसार, हाल ही में जेल से छूटने के बाद मनीष सिंह शहर के कई कारोबारियों से रंगदारी की मांग कर रहा था और लगातार उन्हें धमका रहा था। इससे कारोबारियों में दहशत का माहौल था।
होली पर पत्नी से मिलने का था प्लान
बताया जाता है कि होली के दिन अपनी पत्नी से मिलने के इरादे से मनीष सिंह पारडीह के गोल्डन लीफ रिसोर्ट में छिपकर ठहरा हुआ था और वहीं उसका इंतज़ार कर रहा था। इसी बीच पुलिस को उसकी लोकेशन की पुख्ता इंटेलिजेंस मिली।
इसके बाद जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाब रब्बानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत रणनीति बनाकर रिसोर्ट को घेर लिया और बिना किसी मौके दिए उसे दबोच लिया।
कई संगीन मामलों में वांछित
मनीष सिंह के खिलाफ रंगदारी, आर्म्स एक्ट, गोलीबारी और कई गंभीर आपराधिक मामलों में पहले से केस दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क व साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
नए थाना प्रभारी का सख्त संदेश
जुगसलाई थाना में नए प्रभारी के रूप में पदभार संभालने के बाद गुलाम रब्बानी ने महज़ कुछ ही दिनों में इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देकर साफ संदेश दे दिया है कि इलाके में अपराध और रंगदारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मनीष सिंह की गिरफ्तारी से शहर के कारोबारियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।




