जमशेदपुर, पोटका (तनवीर अहसन) : पोटका विधानसभा के हाता-टाटा मुख्य मार्ग पर सुंदरनगर के समीप नीलडुंगरी से घाघीडीह-किताडीह होते हुए स्टेशन चौक तक रिंग रोड बनाया जाएगा। यह महत्वपूर्ण परियोजना झारखंड सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। पथ निर्माण की कुल लंबाई 14.61 किमी होगी और इसके लिए 99.94 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। यह रिंग रोड पोटका के विधायक संजीव सरदार के चुनावी वादों में शामिल था। विधायक सरदार ने इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए लगातार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और पत्राचार किया। अंततः राज्य सरकार की कैबिनेट ने इस सड़क निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इस परियोजना के तहत कई प्रमुख मार्ग जैसे किताडीह बागबेड़ा रिंग रोड, घाघीडीह जेल से मतलाडीह पथ, केरवाडुंगरी से जमशेदपुर मुख्य पथ, और टाटा मुख्य पथ सहित अन्य सड़कें भी जुड़ेंगी। सड़क निर्माण के साथ पुल निर्माण, भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग, और पुनर्वास कार्य भी होंगे। विधायक संजीव सरदार ने कहा, “यह रिंग रोड सिंहभूम और ओडिशा के लोगों के लिए लाभकारी होगा। सुंदरनगर से टाटानगर स्टेशन तक जाम की समस्या हमेशा बनी रहती थी, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब रिंग रोड बनने से यातायात सुगम हो जाएगा।” इस ऐतिहासिक परियोजना से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और आसपास की आठ प्रमुख सड़कों के जुड़ने से आवागमन में भी सुविधा होगी।