जमशेदपुर : पोटका विधानसभा से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी के रूप में वर्तमान विधायक संजीव सरदार 21 अक्टूबर, सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। यह नामांकन यात्रा ऐतिहासिक मानी जा रही है, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलेगा।
सुबह 9 बजे संजीव सरदार अपने पैतृक आवास उदाल से सैड़को वाहन के साथ नामांकन यात्रा की शुरुआत करेंगे। यात्रा का पहला पड़ाव हरिणा मंदिर होगा, जहां पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद यात्रा कोवाली, हल्दीपोखर होते हुए हाता पहुंचेगी। रास्ते में संजीव सरदार मंदिरों में पूजा करेंगे और प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। हाता चौक से पोटका, डुमरिया और जमशेदपुर प्रखंडों के हजारों कार्यकर्ता जुलूस में शामिल होकर उनका साथ देंगे, जिससे काफिला जिला मुख्यालय के लिए रवाना होगा।

झामुमो पोटका प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कु, और डुमरिया प्रखंड अध्यक्ष मिरजा सोरेन ने इस नामांकन यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि यह यात्रा पूरी तरह से ऐतिहासिक होगी। गाजे-बाजे के साथ हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है और सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस विशाल नामांकन यात्रा से झामुमो कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।