कोवाली (जमशेदपुर ग्रामीण)। कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेगाम हाट बाजार से चार माह के बच्चे की चोरी के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने पूर्व भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष रही झुमारानी मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। इस पूरे मामले की जानकारी ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने दी।

हाट की भीड़ का फायदा उठाकर किया गया अपहरण
ग्रामीण एसपी ने बताया कि डुमरिया के रंगामाटिया निवासी प्रतिमा सरदार अपने बेटे इंद्रदेव सरदार और बेटी ममता सरदार के साथ ढेगाम हाट बाजार मुर्गा बेचने आई थीं। हाट में अधिक भीड़ होने के कारण उन्होंने अपनी बेटी को चार माह के बेटे की देखरेख की जिम्मेदारी दी थी। इसी दौरान आरोपी महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर बच्चे का अपहरण कर लिया।
थाने में शिकायत के बाद पुलिस हुई सक्रिय
काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद कोवाली थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आ गई। मुसाबनी पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
14 घंटे में बच्चा बरामद, महिला गिरफ्तार
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 14 घंटे के अंदर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। वहीं इस मामले में आरोपी भाजपा के कोवाली मंडल की पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष झुमारानी मंडल को कोवाली थाना क्षेत्र के भेलाईडीह से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा उन्हें अभी भी एक अभियुक्त की तलाश है जो फरार है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।




